Video: पहाड़ी छोरे तो हनी सिंह, बादशाह के भी ‘गुरू’ निकले...ये देहरादून से जीतेंगे दुनिया…
May 19 2017 11:37AM, Writer:मीत
कहते हैं कि पहाड़ियों ने एक बार जो मन में ठान ली, तो उसे पूरा करके छोड़ते हैं। इन तीन पहाड़ी लड़कों को ही देख लीजिए। कभी किसी ने सोचा था कि जिस तरह के रैप पूरी दुनिया में चल रहे हैं, वो उत्तराखंड में भी आएंगे ? जी हां उत्तराखंड में वो रैप आए और बेहतरीन तरीके से आए हैं। ये वीडियो उसी बात की बानगी पेश करता है। यू-ट्यूब पर इस गाने को करीब डेढ़ लाख हिट्स मिल चुके हैं। हर किसी के दिल में सवाल ये है कि आखिर ये लड़के हैं कौन? इतनी सी उम्र में ये लड़के बड़ा बवाल काट रहे हैं। तो आगे जाकर क्या करने वाले हैं? तो चलिए इन लड़कों के बारे में हम आपको बता देते हैं। ये हैं सचिन रौतेला, अमित कैंतुरा और अनिरुद्ध। इस गाने में सचिन रौतेला ने पहाड़ी रैप किया है। अमित कैंतुरा ने हिंदी में रैप किया है और अनिरुद्ध ने इंग्लिश में रैप किया है।
लीक से हटकर कुछ दिलचस्प सा तैयार हुआ है ये बेहतरीन गाना। शायद दुनिया का ये पहला रैप होगा, जिसमें हिंदी, इंग्लिश और पहाडी में रैप किया गया है। सचिन रौतेला बताते हैं कि वो पहाड़ के युवाओं के लिए बहुत कुछ करना चाहते हैं। इसके साथ ही सचिन कहते हैं कि पहाड़ियों में जो दम है, वो शायद किसी में भी नहीं, बस खुद की आवाज से पहचानने की देर है। इन सभी ने मिलकर अपने बैंड का नाम ‘टीम टोरनेडो’ दिया है। ये देहरादून के मोहकमपुर के कृष्ण विहार के रहने वाले हैं। इस गाने को देहरादून की अलग अलग लोकेशन पर फिल्माया गया है। गाने में बताया गया है कि किस तरह से देहरादून आज दुनिया की शान बनता जा रहा है। इस वीडियो को मोहित गुसाईं ने शूट किया है, और एडिट भी खुद ही किया है। ये तीनों लड़के अभी फर्स्ट ईयर में है और इन तीनों की उम्र अभी 18 से 19 साल के बीच ही है।
इस गाने की बॉलीवुड स्टार राघव जुयाल ने भी तारीफ की है। राघव ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा है कि वो देहरादून आकर इन तीनों लड़कों से मिलना जरूर चाहेंगे। कुल मिलाकर कहें तो पहाड़ी छोरों ने सोशल मीडिया पर बवाल मचा दिया है। इस उम्र में ये तीनों इतना जबरदस्त काम कर रहे हैं तो जरा सोचिए कि आने वाले वक्त में ये तीनों क्या कारनामा करेंगे। वैसे भी उत्तारखंड के म्यूजिक को अब अलग पहचान मिल रही है। उत्तराखंड के सिंगर्स अब सिर्फ उत्तराखंड में नहीं बल्कि पूरे देश में छा रहे हैं। खैर इतना जरूर कहेंगे कि इस गाने को आप बार बार देखना चाहेंगे। बार बार सुनना चाहेंगे। पहाड़ी कुछ अलग कर रहें हैं जनाब...देखना तो बनता है। राज्य समीक्षा की तरफ से ‘टीम टोरनेडो’ को बधाई...आगे भी कुछ ऐसा काम करो लड़को कि पहाड़ की आवाज से जमाना झूम जाए।