Video: बाबा केदारनाथ में हर रिकॉर्ड टूट रहा है, दर्शनों का समय भी बढ़ाया गया
May 19 2018 1:23AM, Writer:आदिशा
बाबा केदारनाथ के दर परह इस बार आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। महज 18 दिनों के भीतर ही आंकड़ा 2 लाख पार करने जा रहा है। इस वजह से केदारनाथ में दोपहर में दर्शनों का समय बढ़ा दिया गया है। साल 2013 की आपदा के बाद ये पहली बार है, जब इतनी बड़ी संख्या में बाबा के दर पर श्रद्धालु आ रहे हैं। रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल का कहना है कि यात्रियों की बढ़ती तादाद को देखते हुए बदरी-केदार में मंदिर समिति से बात की गई। इसके बाद दोपहर में दर्शनों के समय को करीब डेढ़ घंटे तक बढ़ाया गया है। आपको बता दें कि आमतौर पर केदारनाथ धाम के कपाट सुबह 6 बजे खुलते हैं। इसके बाद दोपहर बाद तीन बजे तक श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए कपाट खुले रहते हैं। 3 बजे से 5 बजे तक केदारनाथ के कपाट बंद रखे जाते हैं। इस दौरान भगवान को भोग लगाया जाता है और 5 बजे तक कपाट को बंद रखा जाता है। लेकिन इस बार अलग ही हो रहा है।
यह भी पढें - केदारनाथ में आपदा के बाद पहली बार टूटे सारे रिकॉर्ड, सिर्फ 16 दिन में कमाल हो गया
केदारनाथ के कपाट 29 अप्रैल को खोले गए थे और पहले ही दिन 25 हजार श्रद्धालु ने यहां पहुंचकर साबित कर दिया था कि इस बार हर रिकॉर्ड टूटने वाला है। अब तक करीब दो लाख श्रद्धालु केदारनाथ धाम में शीश नवा चुके हैं। 2017 में इतने ही वक्त में ही करीब 70 हजार श्रद्धालु आए थे। साफ है कि इस बार आंकड़े तीन गुने को पार कर रहा है। इसे देखते हुए प्रशासन ने मंदिर समिति से बातचीत की और दर्शनों के समय को करीब डेढ़ घंटे बढ़ा दिया है। अब श्रद्धालु साढ़े चार बजे तक भी बाबा केदार के दर्शन कर रहे हैं। डीएम मंगेश घिल्डियाल का कहना है कि केदारनाथ में हरदिन सात हजार यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था है। इस वजह से प्रशासन द्वारा कोशिश की जा रही है कि सीमित संख्या में ही यात्री केदारनाथ में रात्रि विश्राम के लिए ठहरें।