पहाड़ का सच्चा सपूत...पहले देशसेवा की, फिर देवभूमि की सेवा..अब मिला बड़ा सम्मान
Jul 4 2018 11:57AM, Writer:कपिल
रुद्रप्रयाग जिले का सपूत, जिसकी हिम्मत लोहा देश ही नहीं बल्कि दुनिया भी मानती है। कभी सीमा सुरक्षा बल में रहते हुए उन्होंने देश की सेवा की और इसके बाद पहाड़ में रहकर जंगलों को नया जीवन दिया। वो जगत सिंह जंगली जिन्होंने बंजर जमीन को भी हरा-भरा कर दिखाया था और असंभव से लक्ष्य को संभव कर दिखाया। उन्हें उत्तराखण्ड का फोरेस्ट ब्रैंड एम्बेस्डर बनाया गया है। देर से ही सही लेकिन ये एक बेहतरीन फैसला है। जगत सिंह जंगली द्वारा मिश्रित वनों के फार्मूले पर प्रयोग किया गया था। उनकी मेहनत से हरियाली गांव अब हरा भरा हो गया है। जगत सिंह जंगली वो चेहरा हैं, जिन्होंने हर बार साबित किया है कि असंभव कुछ भी नहीं होता। अगर इच्छाशक्ति मजबूत हो तो सब संभव है। जगत सिंह ‘जंगली‘ ही वो चेहरा हैं, जिन्होंने जलवायु परिवर्तन को मात देते हुए जलवायु निर्माण करने का हुनर दिखाया था।
यह भी पढें - उत्तराखंड आ रहे हैं देश के 31 सासंद, अनिल बलूनी की पहल के बाद एक्शन में मोदी सरकार
रूद्रप्रयाग जिले के कोट मल्ला गांव में उन्होंने बीते 40 सालों में करीब डेढ़ लाख पेड़ लगाए। अपने मेहनत के दम पर ही उन्होंने बंजर जमीन में से पानी निकाल कर दिखा दिया। जगत सिंह जंगली ने मिट्टी और स्टोन टेक्नीक का संरक्षण किया है। इस मेहनत के दम पर उन्होंने पहाड़ में पथरीली जमीन को हरा भरा कर दिखाया। खास बात ये है कि जगत सिंह जंगली जी ने इसके लिए ना तो कोई प्रोफेशनल कोर्स किया है और ना ही इसके लिए कोई ट्रेनिंग ली है। बस ये खुद की मेहनत और खुद का ज्ञान है। अाज देश और विदेश के वैज्ञानिक भी जंगत सिंह जंगली को देखकर हैरान हैं। जगत सिंह जंगली ने मिश्रित वनों पर कार्य करते हुए 60 से ज्यादा प्रजातियों के वन उगाए। इसके बाद उन्होंने BSF की नौकरी छोड़ी और इसे ही अपनी आय का जरिया बना लिया।
यह भी पढें - पहाड़ में पुलिस के जवान ने निभाया मानवता का फर्ज, लोग इनसे सीख रहे हैं निस्वार्थ सेवा
देश-विदेश में कई विश्वविद्यालय उन्हें पर्यावरण के अनुभवों को साझा करने के लिए बुलाते रहते हैं। अब जाकर जगत सिंह जंगली जैसे महान शख्स को उत्तराखंड का फॉरेस्ट ब्रैंड एम्बेसडर नियुक्त किया गया है। वन भवन के मंथन सभागार में जगत सिंह ‘जंगली‘ के सम्मान में एक समारोह आयोजित किया गया था। इस समारोह में प्रमुख वन संरक्षक जय राज ने इस बात का ऐलान कर दिया है। जयराज ने कहा कि जगत सिंह जंगली के अनुभव का लाभ उत्तराखंड की आने वाली पीढ़ी को भी मिलेगा। उम्मीद ये ही है कि जगत सिंह जी के अनुभवों का लाभ लेते हुये वन विभाग द्वारा वन सम्पदा को और ज्यादा संरक्षित किया जाएगा। राज्य समीक्षा की टीम की तरफ से पहाड़ के इस सच्चे सपूत को हार्दिक शुभकामनाएं। आपने वो कर दिखाया, जिसे करने में बड़े बड़ों के पसीने छूट जाते हैं।