केदारनाथ में पहली गुफा बनकर तैयार, इसकी खूबियां भी कमाल की हैं
Jul 11 2018 6:40PM, Writer:कपिल
आपको याद होगा कि कुछ वक्त पहले देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केदारनाथ में गुफा तैयार करने की बात कही थी। योग-ध्यान और साधना करने वालों के लिए इस गुफा को तैयार करने की बात कही गई थी। इसी साल फरवरी के महीने में इस गुफा के लिए केदारनाथ में जगह का चयन किया था और जुलाई में ये गुफा बनकर तैयार है। अब आप इस गुफा की खूबियां भी जानिए। ये गुफा पूरी तरह से पहाड़ी शैली में तैयार की गई है। इस गुफा के छत पर आपको पठाल दिखेगी। साढ़े आठ लाख रुपये की लागत से तैयार इस गुफा में बिजली, पानी, शौचालय जैसी सभी सुविधाएं आपको मिलेंगी। खास बात ये भी है कि अगर किसी को इस गुफा में योग-साधना करनी है, तो उसके लिए पहले से ही बुकिंग करनी होगी। इसकी कुछ और भी खास बातें जानिए।
यह भी पढें - Video: केदारनाथ में मजदूरी करने वाला लड़का सेना में भर्ती हुआ, दिल छू लेने वाली बात बताई
ये गुफा 5 मीटर लंबी और तीन मीटर चौड़ी है। साधना के लिए यहां पर सभी तरह की जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं। गुफा का आंगन भी पठाल से तैयार किया गया है। इस गुफा का निर्माण नेहरू पर्वतारोहण संस्थान द्वारा किया गया है।

इस गुफा के संचालन की जिम्मेदारी गढ़वाल मंडल विकास निगम को दी गई है। ये गुफा केदारनाथ मंदिर से करीब 400 मीटर पीछे है। मंदाकिनी नदी को पार कर चोराबाड़ी ताल के ठीक नीचे वाले क्षेत्र में इस गुफा को तैयार किया गया है।
यह भी पढें - मां धारी देवी...उत्तराखंड के चार धामों की रक्षक...हर दिन तीन रूपों में दिखती हैं मां !
साधु, संत या कोई यात्री अगर यहां ठहरता है तो उसके आराम के लिए बिस्तर भी लगाया गया है। संचार सुविधा के लिए यहां टेलीफोन भी रखा गया है। खास बात ये भी है कि इस गुफा से आपको केदारनाथ धाम के साक्षात दर्शन भी होंगे।

डीएम मंगेश घिल्डियाल का कहना है कि गुफा के दर्शन या यहां ठहरने के लिए यात्रियों का अलग से रजिस्ट्रेशन होगा।
यह भी पढें - Video: केदारनाथ क्षेत्र की बेटी ने हुनर से रचा इतिहास, अब मिलेगा तीलू-रौतेली पुरस्कार
इस गुफा को तैयार करने में साढ़े आठ लाख रुपये की लागत आई। डीएम मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि अगर कोई ऑनलाइन बुकिंग करना चाहता है, तो ये व्यवस्था भी मौजूद है। दरअसल केदारनाथ में ऐसी 5 गुफाओं का निर्माण होना है।

कोई भी व्यक्ति इस गुफा को 3 दिनों के लिए ही बुक करा सकता है। गुफा की बुकिंग में कितना खर्च आएगा, ये अभी तय नहीं हुआ है।