उत्तराखंड की एसओजी टीम पर फायरिंग और पथराव, बदमाश शब्बीर के साथ हुई मुठभेड़!
Aug 8 2018 6:33PM, Writer:कपिल
एक बड़ी खबर आ रही है। देहरादून की एसओजी टीम पर हरियाणा के नूह जिले के पुन्हाना में फायरिंग और पथराव किया गया। एसओजी की टीम स्थानीय पुलिस के साथ बदमाश शब्बीर को उठाने गयी थी। हैरानी की बात ये है कि शब्बीर को ग्रामीणों ने ही दो बार छुडा लिया था। जी हां एक स्थानीय न्यूज पोर्टल का कहना है कि शब्बीर को शह ग्रामीणों ने ही दी थी। जब एसओजी की टीम शब्बीर को तीसरी बार पकडने पहुंची तो बदमाशों के साथ करीब दो घंटे तक फायरिंग हुई। इस दौरान गांव के ही लोग एक बार फिर से शब्बीर को बचाने आ गए और पुलिस पर ही पथराव करने लगे। खबर है कि एसओजी टीम के सदस्यों को भी चोट आई हैं। इस टीम के इंचार्ज पीडी भट्ट हैं और इनके साथ कई कांस्टेबल टीम में शामिल हैं। अब जरा ये भी जान लीजिए कि आखिर शब्बीर कौन है।
यह भी पढें - सुपरहीरो बना उत्तराखंड पुलिस का जवान, फिर से बचाई एक बेटी जान...खुद को लगी चोट
बताया जाता है कि शब्बीर ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर उतराखंड के देहरादून में कुछ वक्त पहले एक मोबाइल का शोरूम लूटा था। देहरादून में लूट के बाद आरोपी और उसकी आई 20 कार सीसीटीसी कैमरे में कैद हो गए। बताया जाता है कि कार पुन्हाना खंड के गांव लुहिगाकला की है। पड़ताल के बाद उतराखंड पुलिस ने शब्बीर के कुछ साथियों को हिरासत में लिया था। शब्बीर के साथियों की ही निशानदेही पर उतराखंड पुलिस वहां पहुंची थी। शब्बीर पर उत्तराखंड में ही इससे पहले कई मामले दर्ज हैं। जिस दौरान ये मुठभेड़ हुई, बताया जा रहा है कि इसी फायरिंग में एक स्थानीय शख्स की मौत हुई। बताया जा रहा है कि फिलहाल पुन्हाना थाना और शहर पुलिस चौकी की निगरानी के लिए जिले की पुलिस सुरक्षा के लिए तैनात कर दी गई है। इस मामले में जल्द ही पुलिस द्वारा बड़ा खुलासा किया जा सकता है।