पहाड़ की बेटी को सलाम करेंगे सदी के महानायक, जरूर देखिएगा ‘कौन बनेगा करोड़पति’
Sep 2 2018 5:32PM, Writer:कपिल
सत्य को प्रमाण की जरूरत क्या और हौसले को लोकप्रियता की जरूरत क्या ? पहाड़ की बेटियां सत्य के कागज पर हौसले की कहानियां लिख रही हैं। ये वो मोड़ है, जहां दुनिया इन्हें सलाम कर रही हैं। वर्तिका जोशी के बारे में तो आप जानते ही होंगे। लेफ्टिनेंट कमांडर वर्तिका जोशी। पौड़ी गढ़वाल की वो बेटी जिसने अपनी टीम के साथ समुद्र के जरिए विश्व की परिक्रमा की थी। भारत की पहली महिला ऑफिसर...जिसने ऐसा काम कर दिखाया था। अब इस बेटी को पूरा हिंदुस्तान सलाम कर रहा है। इसी कड़ी में सदी के महानायक कहे जाने वाले अमिताभ बच्चन भी बेटी से रू-ब-रू होंगे। वो खुद इस बेटी के हौसले को सलाम करेंगे। ये यादगार पल होगा कौन बनेगा करोड़पति शो का। वर्तिका जोशी इस दौरान अपनी पूरी टीम के साथ यहां मौजूद होंगी। इस शो की कुछ खास बातें भी जानिए।
यह भी पढें - 4 महाद्वीप, 3 समुद्र और भूमध्य रेखा पार कर आई पहाड़ की बेटी, उत्तराखंड में स्वागत है
जी हां ये पूरी टीम कौन बनेगा करोड़पति के शो में नज़र आने वाली है। बताया जा रहा है कि इस शो में जीती गई सारी रकम को ये टीम किसी सामाजिक कार्य में लगाएगी। इस टीम के सभी सदस्यों को कौन बनेगा करोड़पति के एपिसोड के लिए बुलाया गया है। एपिसोड की शूटिंग 10 सितंबर को मुंबई में होनी है। लेफ्टिनेंट कमांडर वर्तिका जोशी मूलरूप से पौड़ी जिले धूमाकोट के स्यालखेत की रहने वाली हैं। उन्होंने अपनी टीम के साथ 10 सितंबर 2017 से इंडियन नेवल सेलिंग वेसल तारणी से समुद्र की यात्रा शुरू की थी। विपरीत परिस्थितियों से जूझते हुए ये टीम 23 मई 2018 को भारत पहुंची। इस टीम में उनकी साथी ले. कमांडर प्रतिभा जामवाल, ले. कमांडर पी स्वाति, ले. पायल गुप्ता, ले. विजया देवी, ले. बी ऐश्वर्या शामिल थीं।
यह भी पढें - पौड़ी की बेटी बनी देश की पहली नेवी अफसर, जिसने पार किए 4 महाद्वीप, 3 समंदर और भूमध्य रेखा
वर्तिका के पिता प्रोफेसर पीके जोशी जी हैं, जो कि गढ़वाल विश्वविद्यालय में शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं। वर्तिका की मां अल्पना जोशी राजकीय महाविद्यालय ऋषिकेश में हिंदी की विभागाध्यक्ष है। साल 2010 में वर्तिका नौ सेना अधिकारी बनी। वर्तिका इससे पूर्व आईएनएसवी महादेई में भी ऐसा ही अभियान पूरा कर चुकी हैं। वर्तिका ने केपटाउन से कोच्चि तक का सफर भी तय किया है। 26 जनवरी 2015 को वर्तिका ने अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा को भारतीय नारी शक्ति की ताकत भी दिखाई थी। गणतंत्र दिवस परेड की झांकी में वो अपनी टीम की लीडर थी। 2016 में आईएनएसवी महादेई में उनकी टीम ने विशाखापट्टनम से गोवा तीन हजार किलोमीटर की समुद्री यात्रा की। हैरानी की बात तो ये है कि ये यात्रा 3 हफ्ते में ही पूरी हो गई। अब कौन बनेगा करोड़पति में वर्तिका जोशी नज़र आएंगी।