image: GOOD STORY OF PITHORAGARH SARU DEVI

पहाड़ की सरू दादी..गाय-बकरियां पालकर चलाती हैं खर्च, PM केयर फंड में दिए 40 हजार

70 साल की बुजुर्ग सरू देवी गाय-बकरियां पाल कर गुजर-बसर करती हैं। एक सुबह वो देश के लिए कुछ करने का संकल्प लेकर उठीं और अपनी जिंदगी की सारी जमापूंजी पीएम केयर्स फंड में दान कर आईं...
May 21 2020 9:21PM, Writer:कोमल नेगी

कोरोना वायरस और लॉकडाउन के बीच पहाड़ की बुजुर्ग दादी मांएं इंसानियत और सेवा की मिसाल बनकर उभरी हैं। आज हम आपको पिथौरागढ़ से आई एक ऐसी खबर के बारे में बताने जा रहे हैं, जो आपके चेहरे पर मुस्कान ला देगी। पिथौरागढ़ की रहने वाली एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला कोरोना महामारी के इस दौर में सेवा की मिसाल बनकर उभरी हैं। इनका नाम सरू देवी है। 70 साल की सरू देवी पिथौरागढ़ के लेलु गांव में रहती हैं। हाल ही में उन्होंने पीएम केयर्स फंड में 40 हजार की धनराशि दान की। सरू देवी के दान को पैसों से कतई नहीं तोला जा सकता, क्योंकि इस दान के पीछे उनकी जो भावना रही है वो अनमोल है। इस सेवाभाव का कोई मोल नहीं लगाया जा सकता।

यह भी पढ़ें - अभी अभी- उत्तराखंड में 14 लोग कोरोना पॉजिटिव...146 पहुंचा आकंड़ा
गांव में रहने वाली सरू देवी की पूरी जिंदगी संघर्ष में बीती। उनके पास आय का कोई जरिया नहीं है। वो गाय-बकरी पालकर किसी तरह गुजर-बसर कर रही हैं। उनकी सुबह इन्हीं मवेशियों के बीच होती है और शाम भी। खैर किसी तरह पाई-पाई बचाकर सरू देवी ने अपने कठिन समय के लिए 40 हजार रुपये जोड़कर रखे थे, लेकिन देश पर विपदा पड़ी तो उन्होंने अपने बारे में ना सोचकर सिर्फ देश और देशवासियों के बारे में सोचा। एक सुबह वो देश के लिए कुछ करने का संकल्प लेकर उठीं और अपनी जिंदगी की सारी कमाई पीएम केयर्स फंड में दान कर आईं। प्रशासन ने भी सरू देवी के सेवाभाव को सराहा, दूसरे लोगों को बुजुर्ग सरू देवी से सीख लेने नसीहत दी। सोशल मीडिया पर भी लोग पहाड़ की इस बुजुर्ग महिला की मिसाल दे रहे हैं, उन्हें सैल्यूट कर रहे हैं।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home