उत्तराखंड: 5 जिलों में बारिश से बढ़ेगी ठंड, मसूरी में 7 डिग्री तक जा सकता है तापमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार आज उत्तराखंड राज्य के पांच जनपदों में कहीं-कहीं गरज के साथ हो सकती है बारिश
Oct 23 2021 3:02PM, Writer:अनुष्का ढौंडियाल
उत्तराखंड में बीते दिनों हुई मूसलाधार बरसात ने जमकर त्रासदी मचाई।पहाड़ से लेकर मैदानों तक लोगों को बरसात ने खूब परेशान किया। सड़कें नदियों में तब्दील हो गईं थीं। लाशों का अंबार लगा हुआ था। कितने लोगों की मौत हुई इसकी कोई गिनती नहीं है। लगातार हुई बारिश ने राज्य में भारी तबाही मचाई। मगर अब मौसम खुल गया है। लेकिन इसी बीच मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने एक बार फिर मौसम को लेकर पुर्वानुमान जारी कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक आज उत्तराखंड राज्य के पांच जनपदों में कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं राज्य के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड के 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, बर्फबारी से बढ़ सकती है ठंड
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के पूर्वानुमान के मुताबिक आज राज्य के उत्तरकाशी, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और चंपावत जनपदों में कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी देहरादून में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इसी के साथ ही आज रात से कुछ स्थानों में बारिश होने की भी संभावना है। प्रदेश में आज अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 18 रहने के आसार भी जताए गए हैं। चलिए आपको बताते हैं कि आज उत्तराखंड में किन जगहों पर कितना तापमान रहने की संभावना जताई गई है। देहरादून में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री रहेगा। पहाड़ों की रानी मसूरी में अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री रहेगा। नैनीताल में अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रहेगा। पंतनगर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री रहेगा। कौसानी में अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रहेगा। नई टिहरी में अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रहने की संभावना है।