गढ़वाल में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी कार..पति पत्नी की मौके पर मौत
शुक्रवार को नई टिहरी में हुए हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की जान चली गई थी। अब गजा क्षेत्र में सड़क हादसा हुआ है। आगे पढ़िए पूरी खबर
May 27 2023 7:06PM, Writer:कोमल नेगी
नई टिहरी में सफर जोखिमभरा बना हुआ है। यहां लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं, जिनमें बेगुनाहों की जान जा रही है।
car fell into ditch in Tehri Garhwal
शनिवार को यहां गजा क्षेत्र में एक कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई। इससे पहले शुक्रवार को भी यहां एक वाहन खाई में गिर गया था। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की जान चली गई थी। अब गजा क्षेत्र में सड़क हादसा हुआ है। यहां बंगुपानी क्षेत्र में एक कार बेकाबू होकर खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में प्रीतम सिंह और उनकी पत्नी भरोसी देवी सवार थे। वाहन दुर्घटना में दोनों की मौत हो गई। हादसा होने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना के बारे में बताया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन तब तक कार सवार दंपति दम तोड़ चुके थे।
प्रीतम सिंह गजा के भलियालपानी क्षेत्र के रहने वाले थे। उनकी अचानक मौत से क्षेत्र में मातम पसरा है। बता दें कि शुक्रवार को भी नई टिहरी में एक सड़क हादसा हो गया था, जिसमें पति-पत्नी समेत पांच लोगों की जान चली गई थी। यहां होल्टा गांव में रहने वाले गबर सिंह अपनी बहू के मायके गए हुए थे। शाम को वहां से सभी लोग कार से वापस लौट रहे थे। तभी सेंदुल-पटुड गांव-राजगांव मोटर मार्ग पर कार बैक करते समय अनियंत्रित हो गई और लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में गबर सिंह (63). उनकी पत्नी बबली देवी (59), तुलसी देवी (65) पत्नी भगवान सिंह, सोना देवी (55) पत्नी सरोप सिंह और उर्मिला देवी (50) पत्नी राय सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। गबर सिंह बीएसएनएल के रिटायर्ड कर्मचारी थे, वो 4 दिन पहले ही पत्नी के साथ अपने गांव होल्टा आए थे।