उत्तराखंड: पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मार डाला, अवैध संबंधों में बन रहा था रोड़ा
मृतक की पत्नी के एक अन्य युवक के साथ अवैध संबंध थे। पति इसका विरोध कर रहा था। जिसके बाद युवती ने प्रेमी को उकसाकर पति की हत्या करा दी...आगे पढ़िए पूरी खबर
Jul 1 2020 6:32PM, Writer:कोमल नेगी
हरिद्वार का लक्सर क्षेत्र। 25 जून की रात यहां एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड हुआ। किसी ने एक युवक को धारदार हथियार से काटकर बेरहमी से मार डाला। लाश की हालत देख आस-पास के लोग भी हैरान थे। ऐसी बेरहमी किसी ने पहले कभी नहीं देखी थी। घटना के बाद से पुलिस तफ्तीश में जुटी थी और 5 दिन बाद पुलिस ने हत्या के आरोपियों को पकड़ भी लिया। युवक की हत्या का आरोप पत्नी और उसके प्रेमी पर लगा है। दोनों पुलिस की गिरफ्त में हैं। जांच में पता चला कि मृतक की पत्नी के एक अन्य युवक के साथ अवैध संबंध थे। पति इसका विरोध कर रहा था। जिसके बाद युवती ने प्रेमी से पति की हत्या करा दी। चलिए अब आपको पूरा मामला बताते हैं। घटना झींवरहेड़ी गांव की है। जहां पांच दिन पहले प्रदीप उर्फ भूरा की हत्या कर दी गई थी।
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड: चीन सीमा पर 3 सड़कों के निर्माण को मंजूरी, सेना के जवानों को मिलेगी राहत
प्रदीप ट्रक चलाता था। मृतक के भाई सोमपाल ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया था। जांच के दौरान पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले। जिसके बाद पुलिस ने अमन नाम के युवक को लक्सर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अमन से सख्ती से पूछताछ की तो उसने सब उगल दिया। इस दौरान पति-पत्नी के रिश्तों में आई कड़वाहट और उसके दर्दनाक अंजाम की कहानी जब खुलकर सामने आई तो पुलिस भी हैरान रह गई। आरोपी अमन ने बताया कि उसके प्रदीप की पत्नी ममता के साथ अवैध संबंध थे। प्रदीप इसका विरोध कर रहा था। तब ममता के कहने पर अमन ने प्रदीप को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। ममता एक स्कूल में भोजन माता के तौर पर काम करती है। जबकि अमन एक स्थानीय फैक्ट्री में ट्रक चलाता था। वो लक्सर में किराये के मकान में रहता था।
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड: दहेज के लिए दानव बन गया पति, पत्नी को बुरी तरह पीटने के बाद जंगल में अकेला छोड़ा
इसी दौरान प्रदीप के साथ अमन की जान-पहचान हो गई। वो प्रदीप के घर आने-जाने लगा। ममता के साथ भी उसकी नजदीकियां बढ़ने लगीं। ममता पिछले पांच साल से अपने पति से अलग होकर मायके में रह रही थी, लेकिन वो प्रदीप के घर आती-जाती रहती थी। ममता प्रदीप से पूरी तरह छुटकारा पाना चाहती थी। इसके लिए उसने अमन का इस्तेमाल किया। अमन का आरोप है कि ममता के उकसाने पर ही उसने 25 जून की रात प्रदीप की हत्या कर दी। घटना के वक्त प्रदीप के घर में होने की जानकारी अमन को ममता ने ही दी थी। बहरहाल आरोपी अमन और ममता अब पुलिस की गिरफ्त में हैं। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया है। मामले की जांच जारी है।