उत्तराखंड में 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी आम आदमी पार्टी, अरविंद केजरीवाल का ऐलान
आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब और गोवा के बाद उत्तराखंड तीसरा ऐसा राज्य है, जहां आम आदमी पार्टी पूरी गंभीरता से चुनाव लड़ने जा रही है।
Aug 20 2020 1:20PM, Writer:Komal Negi
दिल्ली की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी अब उत्तराखंड में तीसरा सियासी विकल्प बनने की तैयारी में है। साल 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी उत्तराखंड की सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने मीडिया से हुई बातचीत के दौरान विधानसभा चुनाव के लिए अपनी रणनीति का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आप का चुनाव आप के कार्यकर्ता नहीं, जनता लड़ेगी। यहां उत्तराखंड की जनता चुनाव लड़ेगी, केजरीवाल नहीं। उन्होंने कहा कि पंजाब और गोवा के बाद उत्तराखंड तीसरा ऐसा राज्य है, जहां आम आदमी पार्टी पूरी गंभीरता से चुनाव लड़ने जा रही है। आप इसी हफ्ते प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा करेगी। आगे पढ़िए
यह भी पढ़ें - सावधान रहें..उत्तराखंड में खतरे के निशान पर हर रही गंगा, कई जगह ढहे पुश्ते
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि डेढ़ महीने पहले उत्तराखंड में आप की तरफ से सर्वे कराया गया था। जिसके नतीजे उत्साह बढ़ाने वाले रहे। सर्वे के अनुसार प्रदेश की 62 फीसदी जनता चाहती है कि आम आदमी पार्टी उत्तराखंड में चुनाव लड़े। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आप को उत्तराखंडी लोगों का पूरा समर्थन मिलता रहा है। उन्होंने ही आम आदमी पार्टी से उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में उतरने का अनुरोध किया है। केजरीवाल ने कहा कि दूसरे राज्यों की तरह उत्तराखंड में भी कांग्रेस जनाधार खत्म हो चुका है। यहां भी दलबदल का इतिहास रहा है। भयानक नेतृत्वहीनता के इस दौर में उत्तराखंड की जनता बीजेपी और कांग्रेस से खिन्न है। जनता बेहतर विकल्प चाहती है, इसलिए आप को जनाधार बनने में देर नहीं लगेगी। 2022 विधानसभा चुनाव में आप रोजगार, पलायन, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और स्कूल-कॉलेजों में अच्छी शिक्षा के अभाव को चुनावी मुद्दा बनाएगी। आगे पढ़िए
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड में अनलॉक-3 की नई गाइडलाइन जारी..इन नियमों का करना होगा पालन
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देवभूमि के लिए आपदा प्रबंधन की विशेष रणनीति बनेगी। आस्था और विकास को मिलाकर उत्तराखंड का एक विशेष विकास मॉडल बनेगा। हम उत्तराखंड के नौजवान को नौकरी मांगने वाला नहीं, नौकरी देने वाला बनाना चाहते हैं। जैसे दिल्ली में मोहल्ला क्लिनिक बनाए गए, उसी तरह हम उत्तराखंड के हर गांव की पहुंच में एक मोहल्ला क्लिनिक खोलने का इरादा रखते हैं। उत्तराखंड में आप पार्टी पैसे या संगठन से नहीं, जन आंदोलन से चुनाव लड़ेगी और दिल्ली की तरह इतिहास रचेगी। आम आदमी पार्टी सभी 70 सीटों पर अपना प्रत्याशी उतारेगी। किसी भी दल से कोई गठबंधन नहीं किया जाएगा। कुल मिलाकर आम आदमी पार्टी ने अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं। आप की मौजूदगी से साल 2022 के विधानसभा का रण दिलचस्प होने वाला है। आम आदमी पार्टी के रूप में प्रदेश की पॉलिटिकल पार्टियों के सामने अब एक बड़ी चुनौती होगी।