हे भगवान! अब पहाड़ में महिलाएं भी बेचने लगी स्मैक..पुलिस की गिरफ्त में आई पूजा
पुलिस ने महिला समेत तीन लोगों को स्मैक की तस्करी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पिछले दिनों नशा तस्करों और स्थानीय लोगों के बीच मारपीट भी हुई थी।
Apr 1 2021 12:54PM, Writer:Komal Negi
नशे का मर्ज पहाड़ के युवाओं को भीतर से खोखला कर रहा है। नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है, लेकिन इसका ज्यादा असर दिख नहीं रहा। नशा तस्कर अब पहाड़ में नशे की खेप पहुंचाने के लिए महिलाओं और युवाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं। अगर कोई स्मैक तस्करों का विरोध करता है, तो उसके साथ मारपीट की जाती है। नैनीताल में एक ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने महिला समेत तीन लोगों को स्मैक की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पुलिस के हत्थे चढ़ने की कहानी भी बड़ी दिलचस्प है। सोमवार देर रात हल्द्वानी के राजपुरा क्षेत्र में नशा कारोबारी ओर स्थानीय लोगों के बीच जमकर मारपीट हो गई थी। घटना के बाद गुस्साए लोग पुलिस थाने पहुंचे और स्मैक तस्करों की गिरफ्तारी की मांग की।
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड: सल्ट विधानसभा उपचुनाव में BJP से हुई बड़ी गलती..अब याद आए त्रिवेन्द्र
हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लोगों पर स्मैक तस्करी का आरोप है। स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला समेत तीन लोग क्षेत्र में स्मैक बेच रहे थे। लोगों ने विरोध किया तो आरोपी स्थानीय लोगों संग भिड़ गए। मौके पर जमकर हंगामा हुआ। बाद में लोगों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों में पूजा सागर, नरेश गुप्ता और अभिषेक आर्य शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ धारा 151,107/16 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। नशा तस्करी के साथ ही पुलिस ने सभी के खिलाफ मारपीट और शांति भंग के मामले में केस दर्ज किया है। स्थानीय लोगों का आरोप था कि राजपुरा का एक परिवार स्मैक की तस्करी कर रहा है, लेकिन शिकायत करने के बाद भी पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर लोगों ने थाने में हंगामा किया। जिसके बाद पुलिस ने नशा तस्करी में लिप्त तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।