उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी AAP, सभी 70 सीटों पर लड़ेगी चुनाव
आम आदमी पार्टी उत्तराखंड (Aam aadmi party uttarakhand) विधानसभा चुनाव में ताल ठोंकने के लिए तैयार है। प्रदेश में आप का सदस्यता अभियान शुरू हो गया है। पहाड़ से लेकर मैदान तक आप की धमक दिखने लगी है...
Feb 27 2020 8:44PM, Writer:कोमल
दिल्ली में लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करने वाली आम आदमी पार्टी उत्तराखंड चुनाव की तैयारी में जुटी है। उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी का सदस्यता अभियान शुरू हो गया है। पार्टी ने अपने मंसूबे जाहिर कर दिए हैं। आप के प्रदेश संयोजक एसए कलेर ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में आप उत्तराखंड (Aam aadmi party uttarakhand) की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। साथ ही जनता के बीच दूसरी राजनीतिक पार्टियों के बेहतर विकल्प के तौर पर भी उभरेगी। बागेश्वर में हुई एक प्रेस कांफ्रेस में आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक एसए कलेर ने कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में अरविंद केजरीवाल ने बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर काम किया। आने वाले विधानसभा चुनाव में हम उत्तराखंड में इन्हीं मुद्दों पर चुनाव लड़ेंगे।
यह भी पढ़ें - पहाड़ का बेमिसाल किसान, बिना मिट्टी-खाद के उगाता है महंगी सब्जियां..कमाई भी लाखों में
आम आदमी पार्टी (Aam aadmi party uttarakhand) के प्रदेश संयोजक एसए कलेर ने कहा कि राष्ट्र निर्माण अब राष्ट्रवाद की नई परिभाषा बनेगी। उत्तराखंड मूल के लोगों ने दिल्ली के चुनाव में आम आदमी पार्टी को एकतरफा वोट दिया था। इसी तरह उत्तराखंड में भी हमें जनता का समर्थन जरूर मिलेगा। राष्ट्र निर्माण के मॉडल को लागू करने के लिए उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी की सरकार का होना जरूरी है। उत्तराखंड में दस लाख लोगों को आम आदमी पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। कुल मिलाकर आप राज्य में तीसरा सियासी विकल्प बनने की तैयारी कर रही है। कुछ दिन पहले देहरादून में हुए एक कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के प्रभारी राकेश सिन्हा ने भी यही कहा था कि आप प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर कैंडिडेट उतारेगी। आप की मौजूदगी से साल 2022 के विधानसभा का रण दिलचस्प होने वाला है। आप के रूप में प्रदेश की पॉलिटिकल पार्टियों के सामने अब एक बड़ी चुनौती होगी।