उत्तराखंड में छोटी सी बात पर खूनी संघर्ष..3 सगे भाईयों को गोली मारी, एक की मौत
उत्तराखंड में पैसों के लेनदेन को लेकर दो गुटों के बीच खूनी झड़प हुई, फायरिंग में तीन सगे भाईयों को गोली लगी, जिसमें से एक की मौत हो गई।
Jul 7 2019 3:13PM, Writer:कोमल नेगी
जमीन-पैसों को लेकर हुए झगड़े अक्सर तबाही की वजह बनते हैं। ऐसा ही हुआ है रामनगर में जहां रुपयों के लेन-देन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर गोली चला दी। विवाद में तीन सगे भाईयों पर फायरिंग की गई, जिसमें एक भाई की मौत हो गई। दो भाईयों की हालत भी गंभीर है। उन्हें इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। पूरा मामला क्या है ये भी बताते हैं। दिल दहला देने वाली ये घटना शनिवार शाम की है। मालधनचौड़ नंबर-8 में रहने वाला 45 साल का संतपाल सिंह शाम को कार से घर लौट रहा था। उसकी कार में काशीपुर का रहने वाला रिजवान, अंकित और दीपक सवार थे। जांच में पता चला है कि संतपाल का अंकित से रुपयों के लेनदेन को लेकर झगड़ा चल रहा था। तीन दिन पहले भी संतपाल और अंकित की लड़ाई हुई, पर किसी तरह मामला शांत हो या। शनिवार को तो ये बवाल और भी ज्यादा बढ़ गया और फिर खूनी रंग ले लिया। आगे पढ़िए...
यह भी पढें - क्या उत्तराखंड रोडवेज की 450 बसें दिल्ली में नहीं घुसेंगी? लग सकता है बैन
शनिवार को काशीपुर से वापसी के वक्त संतपाल का कार में सवार तीनों लड़कों से फिर झगड़ा हो गया। दोनों पक्षों में सड़क पर ही मारपीट होने लगी। सूचना मिलते ही संतपाल के भाई बलवीर और जोगिंदर भी मौके पर पहुंच गए। विवाद बढ़ा तो आरोपियों ने तीनों भाईयों पर गोलियां बरसा दी। गंभीर रूप से घायल भाईयों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन संतपाल बच नहीं सका। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। संतपाल के सीने पर गोली लगी थी। जबकि उसके दोनों भाईयों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए रामनगर के अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस आरोपियों की तलाश के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है, पर उनका अब तक सुराग नहीं लग पाया। खूनी संघर्ष के पीछे की वजह रुपयों का लेनदेन बताई जा रही है, पुलिस की जांच जारी है।