देहरादून से लालकुआं आ रही युवती के साथ दुष्कर्म, पड़ोसी पर रेप का आरोप
देहरादून से लालकुआं लौट रही युवती बदहवास हालत में मिली, उसके शरीर पर चोटों के गहरे निशान थे...
Dec 1 2019 2:39PM, Writer:कोमल नेगी
प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। महिलाओं के साथ दरिंदगी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। नैनीताल के लालकुआं में पड़ोसी युवक ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। जिस वक्त रेप की वारदात हुई, उस वक्त युवती देहरादून से लालकुआं लौट रही थी। परिजनों को युवती बदहवास हालत में मिली। उसके पूरे शरीर पर चोटों के निशान थे, वो कुछ भी नहीं बोल पा रही थी। पीड़ित के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है। पीड़ित युवती बिंदुखत्ता की रहने वाली है। पीड़ित की बड़ी बहन ने पड़ोस में रहने वाले युवक पर छोटी बहन से दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस को दी गई शिकायत में उसने बताया कि उसके पिता देहरादून के अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उसकी छोटी बहन पिता की देखभाल कर रही थी। 27 नवंबर को छोटी बहन ने फोन कर घर लौटने की बात कही थी। दोपहर बाद उसका फिर फोन आया, पीड़ित ने बताया कि वो रुद्रपुर पहुंच गई है। कोई उसे लेने के लिए लालकुआं आ जाए।
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड: एक्सीडेंट में छात्रा की मौत के बाद बवाल, गुस्साई भीड़ ने डंपर और दफ्तर फूंका
पीड़ित का भाई उसे लेने के लिए लालकुआं पहुंच गया, पर वहां उसे कोई नहीं मिला। पीड़ित से फोन पर भी संपर्क नहीं हो पाया। परेशान परिजन उसे ढूंढने के लिए रुद्रपुर गए, पर युवती का पता नहीं चला। 28 नवंबर को परिजन जब उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने जा रहे थे तो युवती टुकटुक से आती दिखाई दी। वो बदहवास थी। वो बस इतना ही कह सकी कि जब वो लालकुआं में उतरी तो उसे राजू नाम का लड़का मिला। पीड़ित के शरीर पर चोटों के गहरे निशान थे। युवती की बहन ने उसके साथ दुष्कर्म की आशंका जताई है। पीड़ित के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पीड़ित का मेडिकल कराने के बाद उसके मजिस्ट्रेट के सामने बयान भी कराए गए। पुलिस ने कहा कि पीड़ित ने आरोपी के नाम के अलावा कुछ नहीं बताया है। जांच चल रही है, आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।