उत्तराखंड: आजाद हिंद फौज के औतार सिंह तोपवाल का निधन, जापान और बर्मा में लड़ी थी जंग
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी औतार सिंह तोपवाल का देहरादून में निधन हो गया, वो लंबे वक्त से बीमार थे...
Sep 6 2019 7:38PM, Writer:कोमल नेगी
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी औतार सिंह तोपवाल नहीं रहे। लंबे वक्त से बीमार चल रहे औतार सिंह का देहरादून में निधन हो गया। वो 99 साल के थे। औतार सिंह उन चंद लोगों में से एक थे जिन्होंने देश को आजाद कराने के लिए अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी। औतार सिंह आजाद हिंद फौज में प्रमुख सूबेदार भी रहे। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आजाद हिंद फौज का हिस्सा बन उन्होंने देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी। यही नहीं टिहरी राजशाही के अन्याय के खिलाफ भी औतार सिंह ने आवाज उठाई थी। वो टिहरी रियासत के खिलाफ लड़ाई के लिए गठित प्रजामंडल में शामिल थे। आजाद हिंद फौज में प्रमुख सूबेदार रहते हुए उन्होंने जापान और वर्मा की लड़ाई में भी हिस्सा लिया था। आजादी की लड़ाई लड़ते हुए वो कई बार जेल भी गए।
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड: बहन को बाइक पर बिठा कर ले जा रहा था भाई, दर्दनाक हादसे में हुई मौत
देश की आजादी में अहम योगदान देने के लिए प्रशासन ने उन्हें कई बार सम्मानित किया। साल 1974 में उन्हें तत्कालीन राष्ट्रपति नीलम संजीव रेड्डी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया था। औतार सिंह तोपवाल मूलरूप से टिहरी के बौराड़ी गांव के रहने वाले थे। इन दिनों वो देहरादून के भानियावाला स्थित अपने आवास पर रह रहे थे। उनकी स्वास्थ्य खराब था। तबियत बिगड़ने पर बीती 22 जुलाई को उन्हें हिमालयन जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 31 जुलाई को परिजन उन्हें घर ले आए, तब से वो घर पर ही थे। गुरुवार शाम उन्होंने अपने भानियावाला निवास पर अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार हरिद्वार में किया जाएगा। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी औतार सिंह के निधन पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने दुख जताया और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।